पत्नी को ले जाने की जिद में युवक ने गला काटकर किया आत्महत्या का प्रयास
परतावल में शादी समारोह के दौरान युवक ने पत्नी को विदा करने की जिद में धारदार हथियार से अपना गला काट लिया। जानें पूरी घटना, पुलिस की प्रतिक्रिया और युवक की स्थिति।
परतावल, महाराजगंज: श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 11, स्वतंत्रता सेनानी नगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने शादी समारोह के दौरान अपनी पत्नी को साथ ले जाने की जिद में खुद का गला काट लिया। घटना से मौके की सारी खुशियाँ मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परतावल निवासी लतीक अहमद की बेटी सना खातून की शादी कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा शुक्ल निवासी इस्तेयाक अहमद से हुई थी। इस्तेयाक अपनी साली की शादी में ससुराल आया था। किसी पारिवारिक कहासुनी के बाद वह पत्नी को विदा कराकर अपने साथ ले जाने पर अड़ गया। परिजनों द्वारा मना करने पर वह नाराज हो गया।
यह भी पढ़ें: कुशीनगर में शिक्षक और छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार
गुस्से में इस्तेयाक बाजार गया और कथित तौर पर शराब पीकर लौट आया। इसके बाद उसने सभी पर दबाव बनाते हुए धमकी दी, “यदि पत्नी को विदा नहीं किया गया तो वह अपनी जान दे देगा।” इसी दौरान वह अचानक घर से बाहर निकला और धारदार हथियार से गले पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के बाद परिवार व मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्वजन तुरंत युवक को परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे महराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों द्वारा युवक का इलाज किया जा रहा है।
परतावल चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि युवक ने पहले ही पत्नी की विदाई को लेकर थाने पर एक तहरीर दी थी, लेकिन रात में उसने अचानक यह कदम उठा लिया। युवक ने एक लिखित पत्र भी दिया था, जिसमें कहा गया था कि “हम लोगों ने आपसी समझौता कर लिया है, हमें पुलिस सहायता की आवश्यकता नहीं है।”
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस्तेयाक मानसिक रूप से असंतुलित प्रतीत होता है और पहले भी ऐसे हिंसक व्यवहार कर चुका है।
जनस्वराज हिंदी के व्हाट्सएप्प ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें:
https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU