मारपीट मामले का अंतिम फरार अभियुक्त गिरफ्तार, सभी 16 नामजद आरोपी सलाखों के पीछे

सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना पुलिस ने मारपीट के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अंतिम वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में नामजद सभी 16 आरोपितों की गिरफ्तारी पूरी कर ली है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा के निर्देशन तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस लगातार फरार अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना क्षेत्र के मगरखाई गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडा और फावड़े से जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे। मामले में गहमर थाने पर मुकदमा संख्या 99/2026, धारा 191(2), 191(3), 194(2), 352 एवं 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत 16 नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि जगत नारायण राम पुत्र स्वर्गीय बिहारी राम, निवासी मगरखाई, फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने पुलिस टीम के साथ मगरखाई मोड़ के पास घेराबंदी कर फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा, चौकी चालक लोकेन्द्र यादव तथा कांस्टेबल प्रशांत पाण्डेय शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतिम फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही इस मारपीट प्रकरण में सभी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

Don't try, this is illigal.