गहमर तिहरे हत्याकांड में बड़ा एक्शन, 11 आरोपितों का हत्यारा गैंग पंजीकृत

एसपी के निर्देश पर गैंग नंबर डी-154 का गठन, एक सदस्य पर गुंडा एक्ट; अन्य आरोपितों पर भी कार्रवाई की तैयारी
सेवराई (गाजीपुर)। दिसंबर 2025 में गहमर क्षेत्र में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मामले में गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपितों के विरुद्ध हत्यारा गैंग (डी-154) पंजीकृत किया है। गिरोह के सक्रिय सदस्य शैलेश कुमार सिंह के विरुद्ध गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपितों के विरुद्ध भी नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी की आख्या, क्षेत्राधिकारी जमानियां तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की संस्तुति के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
जांच में यह पाया गया कि गैंग लीडर अमित सिंह अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर हत्या जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देता रहा, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना रहता था। इसी आधार पर गिरोह को गैंग नंबर डी-154 (हत्यारा गैंग) के रूप में पंजीकृत किया गया।
पंजीकृत गैंग में अमित सिंह के अलावा अमन सिंह, अंजनी सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ करिया, अमरजीत सिंह, अरविंद उर्फ भदाकू, एक बाल अपचारी, कृपेन्द्र शंकर सिंह उर्फ नीरज सिंह, लखन उर्फ विकास सिंह, शैलेश कुमार सिंह तथा सीमा सिंह को सदस्य बनाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि “अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा एक्ट सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”


