सेवराई को मिले नए उपजिलाधिकारी, गजराज सिंह यादव ने संभाला कार्यभार
….जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन को बताया पहली प्राथमिकता…
सेवराई (गाजीपुर)। सेवराई तहसील को नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिल गए हैं। शुक्रवार को 2007 बैच के पीसीएस अधिकारी गजराज सिंह यादव ने विधिवत रूप से उपजिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने के साथ ही तहसील प्रशासन में नई कार्यशैली और जनहित के प्रति संवेदनशील प्रशासन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसडीएम गजराज सिंह यादव ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध कराया जाएगा। राजस्व संबंधी विवादों का समाधान विधिक प्रावधानों एवं आपसी सहमति के आधार पर कराया जाएगा, ताकि लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि तहसील के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनहित से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
नवागत एसडीएम गजराज सिंह यादव मूल रूप से रायबरेली जनपद के निवासी हैं। वह 2007 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और फर्रुखाबाद से स्थानांतरित होकर पहली बार सेवराई तहसील में उपजिलाधिकारी के रूप में तैनात हुए हैं।
गौरतलब है कि 15 जुलाई को तत्कालीन उपजिलाधिकारी संजय यादव के स्थानांतरण के बाद यह पद रिक्त हो गया था। एसडीएम के अभाव में राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे तथा फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में नए उपजिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी आने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी नवागत एसडीएम का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की अपेक्षा जताई है।