संभावित बाढ़ से निपटने को प्रशासन पूरी तरह तैयार, गंगा में नाव हादसे का हुआ लाइव मॉक ड्रिल



सेवराई (गाजीपुर)। संभावित बाढ़ और गंगा में होने वाली जल दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार को गहमर के नरवा गंगा घाट पर जिला प्रशासन ने व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गंगा में नाव डूबने की काल्पनिक घटना का सफल पूर्वाभ्यास कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और आधुनिक बचाव उपकरणों की सहायता से नदी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का अभ्यास किया, जबकि पुलिस बल ने पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। सेवराई तहसील क्षेत्र में दो बाढ़ राहत एवं आपदा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मॉक ड्रिल के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, आपदा की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने की प्रक्रिया तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने के तरीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव, प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार, नायब तहसीलदार रामेश्वर तिवारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के अधीक्षक डॉ. धनंजय आनंद, ग्राम प्रधान गहमर बलवंत सिंह ‘बाला’, थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी अमित कुमार शाह,पशु चिकित्साधिकारी मंत्रराज यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।