पूर्वा एक्सप्रेस से गिरा युवक, आरपीएफ जवान की तत्परता से बची जान


सेवराई (गाजीपुर)। पं. दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड के गहमर रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह पूर्वा एक्सप्रेस से उतरने के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरपीएफ जवान की तत्परता से उसे तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जिससे समय रहते उपचार शुरू हो सका।
जानकारी के अनुसार जमानियां क्षेत्र के सब्बलपुर निवासी बलवंत सिंह पुत्र शिवशंकर सिंह दिल्ली से पूर्वा एक्सप्रेस के जरिए अपने घर लौट रहे थे। उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) पर उतरना था, लेकिन यात्रा के दौरान नींद लग जाने के कारण वह निर्धारित स्टेशन पर नहीं उतर सके। ट्रेन जब गहमर रेलवे स्टेशन पहुंची तो उतरने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसे में उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से घायल होकर कट गया।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ जवान अंजनी गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उनकी त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सराहना की।