खेल

Rafael Nadal Retirement: स्पेनिश स्टार राफेल नडाल का टेनिस से संन्यास का एलान

Rafel Nadal Retirement: 22 बार के ग्रैंडस्लैम विजेता स्पेनिश स्टार टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने गुरुवार को टेनिस से संन्यास लेने का एलान कर दिया। उनसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम सिर्फ सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने जीते हैं। नडाल टेनिस के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल हैं और उन्हें लाल बजरी का बादशाह माना जाता है। नडाल ने अपने करिअर में सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम फ्रेंच ओपन में जीते हैं। डेविस कप फाइनल नडाल के पेशेवर टेनिस करियर का आखिरी मैच होगा।

सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट कर नडाल ने संन्यास लेने की घोषणा की। नडाल के नाम 92 एटीपी एकल खिताब हैं, जिसमें 36 मास्टर्स टाइटल और ओलंपिक स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। नडाल के नाम एक खास उपलब्धि भी दर्ज है। वह पुरुष टेनिस इतिहास में उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने करियर में गोल्डन स्लैम पूरा किया है।

पिछले महीने नडाल ने लावेर कप से हटने का फैसला किया था जो पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर उनका अंतिम टूर्नामेंट माना जा रहा था। पेरिस ओलंपिक के बाद नडाल ने इस बात की पुष्टि की थी कि लावेर कप उनका अगला टूर्नामेंट होगा। नडाल पहले इस बात के संकेत दे चुके थे कि 2024 टूर पर उनका आखिरी वर्ष हो सकता है। नडाल का इस सीजन रिकॉर्ड 12-7 रहा है। वह आखिरी बार पेरिस ओलंपिक में खेलते दिखे थे जहां दूसरे दौर में उन्हें जोकोविच से हार का सामना करना पड़ा था।

नीदरलैंड के खिलाफ खेलेंगे अंतिम मैच

38 वर्षीय नडाल 19 से 21 नवंबर के बीच मलागा में नीदरलैंड्स के खिलाफ डेविड कप मैच में खेलेंगे। टेनिस कोर्ट पर यह उनका अंतिम मुकाबला होगा। पुरुष टेनिस इतिहास में रोजर फेडरर, नडाल और जोकोविच फैब थ्री के रूप में पहचाने गए, जिसमें अब बस जोकोविच ही पेशेवर टेनिस में सक्रिय बचेंगे। नडाल से पहले फेडरर भी पेशेवर टेनिस से संन्यास ले चुके हैं।

नडाल ने संन्यास का एलान करते हुए कहा, मैं आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैं पेशेवर टेनिस से संन्यास ले रहा हूं। वास्तविकता यह है कि ये कुछ कठिन वर्ष रहे हैं, विशेषकर पिछले दो वर्ष। मुझे नहीं लगता कि मैं सीमाओं के बिना खेलने में सक्षम हूं।

2005 में पहली बार जीता था फ्रेंच ओपन

नडाल पहली बार 2005 में सुर्खियों में आए जब उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में इस टूर्नामेंट को जीता। रोलां गैरों पर 18 वर्षों तक नडाल ने 14 बार इस खिताब को जीता। नडाल 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020 और 2022 में फ्रेंच ओपन को जीतने में सफल रहे। उन्होंने करिअर में दो बार (2009, 2022) में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2008 और 2010 में विंबलडन तथा 2010, 2013, 2017, 2019 में यू्एस ओपन का खिताब अपने नाम किया था। ऑल इंग्लैंड क्लब पर फेडरर के खिलाफ उनकी जीत नडाल के करियर का अहम मुकाबला माना जाता है। नडाल ने इस मुकाबले में फेडरर को 6-4, 6-4, 6-7(5), 6-7(8), 9-7 से हराया था।

चोट से जूझ रहे थे

हाल के कुछ वर्षों में नडाल चोट की समस्या के जूझ रहे थे। संन्यास लेने का यह भी एक बड़ा कारण रहा। वह पिछले कुछ मैचों में चोट के बावजूद खेले थे। नडाल इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में नहीं खेले थे, लेकिन किसी तरह उन्होंने फ्रेंच ओपन में शिरकत की थी। हालांकि, उन्हें पहले ही दौर में एलेक्सजेंडर ज्वेरेव से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीजन नडाल का ध्यान सिर्फ क्ले कोर्ट पर खेलने में रहा। उन्होंने रोलां गैरों पर हिस्सा लेने के बाद फ्रेंच ओपन में हिस्सा लिया। एकल के बाद उन्होंने कार्लोस अल्कारेज के साथ पुरुष युगल में शिरकत की थी।

PREM SHANKAR PANDEY

प्रेमशंकर पांडेय काे पत्रकारिता में 8 वर्षों का अनुभव है। इन्हें सभी क्षेत्र की खबरें लिखने का तरीका मालूम है।

Don't try, this is illigal.