क्या शशि थरूर छोड़ेंगे काँग्रेस का हाथ? जाएंगे भाजपा में

न्यूज़ डेस्क (अनुराग मिश्र): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति की प्रशंसा करने और भाजपा नेता बैजयंत ‘जय’ पांडा के साथ उनकी वायरल तस्वीर के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्या थरूर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे, या यह केवल राजनीतिक शिष्टाचार और संयोग का परिणाम है?
पीएम मोदी की कूटनीति की प्रशंसा
शशि थरूर ने हाल ही में रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत के रुख को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में उन्होंने इस नीति की आलोचना की थी, लेकिन अब उन्हें एहसास हुआ कि यह भारत के हित में सही कदम था। थरूर का यह बयान अप्रत्याशित था, क्योंकि कांग्रेस के अन्य नेता लगातार केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना करते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कुशीनगर : जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय का हुआ भव्य स्वागत
भाजपा ने थरूर की इस विचार का स्वागत किया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, “अगर कांग्रेस के अन्य नेता भी ऐसा ही करें तो देश को फायदा होगा।” वहीं, कुछ कांग्रेस नेताओं ने थरूर के बयान पर असहमति जताई, जिससे पार्टी के अंदर भी हलचल बढ़ गई है।
भाजपा नेता बैजयंत ‘जय’ पांडा के साथ तस्वीर ने बढ़ाई चर्चाएं
थरूर की भाजपा के प्रति संभावित झुकाव की अटकलें उस समय और तेज हो गईं जब भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत ‘जय’ पांडा ने उनके साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस तस्वीर में दोनों नेता एक ही विमान में सफर कर रहे थे। पांडा ने तस्वीर के साथ लिखा, “आखिरकार हम एक ही दिशा में यात्रा कर रहे हैं।”
इस तस्वीर ने सियासी हलचल बढ़ा दी। कई लोगों ने इसे महज एक संयोग बताया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं कि क्या थरूर भाजपा में शामिल होने की योजना बना रहे हैं।
शशि थरूर क्या बोले?
राजनीतिक चर्चाओं के बीच थरूर ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह अब भी कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्ध हैं और भाजपा में शामिल होने का उनका कोई इरादा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक विरोध का यह मतलब नहीं है कि वह भाजपा नेताओं से मिल नहीं सकते या उनके साथ यात्रा नहीं कर सकते।
जनस्वराज हिंदी के व्हाट्सएप्प ग्रुप में जुडने के लिए क्लिक करें:
https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU
राजनीतिक विश्लेषण: क्या थरूर कांग्रेस में असहज महसूस कर रहे हैं?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शशि थरूर कांग्रेस में खुद को असहज महसूस कर सकते हैं। पार्टी में हाल ही में कई बदलाव हुए हैं, और 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ हारने के बाद उनकी स्थिति पार्टी में उतनी मजबूत नहीं रही।
थरूर की विचारधारा कांग्रेस की मुख्यधारा से थोड़ी अलग रही है। वह प्रगतिशील और खुले विचारों वाले नेता माने जाते हैं, जबकि कांग्रेस में पारंपरिक और रूढ़िवादी सोच वाले नेताओं का प्रभाव अधिक है। ऐसे में कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि थरूर भविष्य में कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय ले सकते हैं।