सेवराई में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,सरकारी और निजी संस्थानों में फहराया तिरंगा


सेवराई। तहसील क्षेत्र के सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी संस्थानों में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। जगह-जगह बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया।
तहसील मुख्यालय पर उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। एसडीएम गजराज सिंह यादव ने कहाकि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ आमजन की सेवा करने का आह्वान किया।
विकासखंड भदौरा मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी अमित कुमार शाह एवं ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि औरंगजेब खान ने सयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। बीडीओ अमित कुमार शाह ने कहाकि देश की प्रगति में ग्रामीण क्षेत्रों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना और गांवों का समग्र विकास करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से विकास कार्यों में पूरी निष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की।
गोड़सरा फतेह जूनियर हाईस्कूल में जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहाकि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान के बाद मिली है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करने और अपने गांव, क्षेत्र तथा देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विद्यालय में छात्र- छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी।
इसी क्रम में तहसील क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के साथ देशभक्ति का माहौल नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भा

ग लिया।