कुशीनगर: गांवों में 12 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश

News Desk (Kushinagar): कुशीनगर जनपद के गौरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत चम्पापुर सिरसिया उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांव इन दिनों भीषण अघोषित बिजली कटौती की मार झेल रहे हैं। 10 से 12 घंटे तक की कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालत यह है कि दिन के साथ-साथ रात में भी बिजली बार-बार कट रही है, जिससे नींद और आराम दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
अधिकारिक रोस्टर के अतिरिक्त बार-बार की जाने वाली कटौती से जनता में आक्रोश है। हैरानी की बात यह है कि जब लोग बिजली विभाग के हेल्पलाइन पर कॉल करके शिकायत करते हैं तो विभागीय अधिकारी अघोषित कटौती से ही इनकार कर देते हैं।
Read Also: Kushinagar News: 20 साल पुरानी अवैध मस्जिद पर चला हथौड़ा, मुस्लिम पक्ष ने खुद शुरू की तोड़फोड़
विक्रम विशुनपुर, चैनपुर, रामपुर गौनरिया, मुंडेरा उपाध्याय, करज, बेलवा, नारायनपुर, भेड़िया, देवकली सहित दर्जनों गांवों में दिनभर में मुश्किल से 8 से 10 घंटे ही बिजली उपलब्ध हो रही है। गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों का जीवन नारकीय बना दिया है।
ग्रामीण विट्टू गुप्ता, आनंद प्रकाश शुक्ला, संजय सिंह, राम अग्रेश सिंह सहित अन्य लोगों ने कहा,सुबह से शाम तक बिजली बार-बार कटती है, रात को भी चैन नहीं है। बच्चे, बूढ़े, मरीज सभी परेशान हैं। अगर जल्द ही अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं की गई, तो हमें विरोध प्रदर्शन करना पड़ेगा।”


