Latest Newsराष्ट्रीय खबर

Jaunpur News: होटल से उठाया, फिर फर्जी एनकाउंटर? सुभासपा नेता का बड़ा आरोप

सुभासपा जिला कमांडर ने लगाया फर्जी मुठभेड़ में फंसाने का आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

 

जौनपुर/केराकत। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के जिला कमांडर सोनल वर्मा ने जौनपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल से उन्हें जौनपुर की एसओजी टीम अपने साथ ले गई और बाद में जलालपुर पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तारी दर्शा दी।

सोनल वर्मा, निवासी बीरमपुर थाना केराकत, ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 6 जुलाई 2026 को वह वाराणसी के सारनाथ स्थित होटल कृष्णा पैलेस में ठहरे रामेश्वर पांडेय और बाबी कुमार से मिलने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान जौनपुर की एसओजी टीम होटल पहुंची और वहां मौजूद रामेश्वर पांडेय, बाबी कुमार, अवनीश गुप्ता, रंजीत कुमार के साथ उन्हें भी अपने साथ ले गई।

शिकायत के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर सुभासपा के प्रदेश महासचिव शनि वर्मा ने उसी रात यूपी-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम ने बताया कि संबंधित लोगों को जौनपुर पुलिस अपने साथ ले गई है। शिकायत में यूपी-112 का इवेंट आईडी P06072625617 भी उल्लेखित किया गया है।

सोनल वर्मा का आरोप है कि इसके बाद जलालपुर पुलिस ने उन्हें और अन्य लोगों को अपराध संख्या 306/2026 में धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/25बी के तहत 7 जुलाई 2026 की सुबह 3:45 बजे गिरफ्तार दिखा दिया। उनका दावा है कि न तो कोई मुठभेड़ हुई और न ही कोई अवैध बरामदगी, बल्कि पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ की कहानी बनाकर कार्रवाई की।

मामले को लेकर सुभासपा के वाराणसी मंडल उपाध्यक्ष वृजभान राजभर ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे अनैतिक और निंदनीय बताया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान सुभासपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता, जिनमें जिलाध्यक्ष चंदन राजभर, अरविन्द सिंह “मखड़ू”, हरिलाल राजभर, राजेश राजभर, जय प्रकाश सिंह, प्रदेश महासचिव शनि वर्मा और मोतीलाल राजभर शामिल रहे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर मौजूद रहे।

देखिये शिकायत की प्रति

जौनपुर में सुभासपा नेता सोनल वर्मा ने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया

Chandan Sharma

चन्दन शर्मा पत्रकार (Chandan Sharma Journalist) पिछले 10 सालों से मीडिया में एक्टिव हैं। उन्होंने खबर हलचल न्यूज के साथ काम करना शुरू किया और बाद में "द सर्जिकल न्यूज" नामक अपना खुद का समाचार पोर्टल और यूट्यूब चैनल शुरू किया। द सर्जिकल न्यूज का 5 साल तक सफलतापूर्वक संचालन किया। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर के दौरान शुरू हुए "जन स्वराज हिंदी" के संस्थापक सदस्य हैं। पत्रकारिता में परास्नातक चंदन शर्मा को डिजिटल न्यूज़, टेक्नॉलॉजी, ग्रामीण रिपोर्टिंग, रिसर्च पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक समाचार और वायरल न्यूज में दिलचस्पी है।

Don't try, this is illigal.