Children Day : संस्कृत पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह

गोरखपुर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर संस्कृति पब्लिक स्कूल, दिव्यनगर, रानीडीहा में हर्षोल्लास के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्रातःकालीन सभा की विशेष जिम्मेदारी शिक्षकों ने संभाली। शिक्षकों ने प्रार्थना, गीता पाठ, दिन का सुविचार (Quote of the Day) सहित अन्य गतिविधियों का संचालन किया।
इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें रेस, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, जलेबी रेस और स्पून एंड लेमन रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। जलेबी रेस और स्पून एंड लेमन रेस ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. ज्ञांति सिंह ने कहा, “बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और असीम संभावनाओं का उत्सव है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें रचनात्मक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार बनाना भी है। खेलकूद एवं इस तरह की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
वहीं विद्यालय के निदेशक संजय जायसवाल ने अपने संदेश में कहा, “बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। हमारा प्रयास है कि विद्यालय में बच्चों को ऐसा सकारात्मक वातावरण मिले, जहां वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें। बाल दिवस हमें बच्चों के सपनों को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने की प्रेरणा देता है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने खेलों के माध्यम से अनुशासन, सहयोग, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का परिचय दिया। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
