हाटा में मासिक काव्य गोष्ठी एवं शेरी नशिस्त का आयोजन, ‘असीम सृजन लोक’ की कार्यकारिणी ने ली शपथ

हाटा (कुशीनगर): साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक सेवा समिति ‘संदेश’ तथा ‘असीम सृजन लोक’ के संयुक्त तत्वावधान में हाटा नगर स्थित ‘द न्यूज़ मंच’ के स्टूडियो में मासिक काव्य गोष्ठी एवं शेरी नशिस्त का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता एडवोकेट अब्दुल हमीद ‘आरजू’ ने की तथा संचालन डॉ. सच्चिदानंद पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कवि एवं भोजपुरी गीतकार प्रद्युम्न कुमार सोनी मौजूद रहे।
गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए डॉ. शैलेंद्र ‘असीम’ ने “शक्ति दे माँ, भक्ति दे मां, कर्म से अनुरक्ति दे माँ..” सुनाकर माँ सरस्वती के समक्ष मन का दीप जलाया। इसके बाद कवियों ने अपनी विविध रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
साहित्यकार अजय वर्मा ने “ले चल अब उस ओर बटोही, जिधर बसे हों सुंदर गाँव” तथा “कलम वाली डोकरी” के माध्यम से आदर्श गाँव और कलम बेचने वाली महिला का भावनात्मक एवं चित्रात्मक वर्णन किया। नवोदित कवयित्री प्रगति गुप्ता ने “मैं गाँव में रहती हूँ…” के जरिए गाँव, किसान, खेत और खलिहान को समेटने का प्रयास किया। वहीं, डॉ. परमानंद मिश्र ने गीत “शहर से ऊब जाए मन, प्रियतम गाँव चले आना…” गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एडवोकेट डॉ. कृष्णा श्रीवास्तव ने काव्य के प्रति अपनी वेदना प्रकट करते हुए “नहीं चाहत मुझे मंचों की, नहीं मशहूर होने की..” सुनाया। लियाकत अली ‘जौहर’ ने अपनी ग़ज़ल “हर समंदर हर नदी है आपकी..” सुनाकर वाहवाही लूटी, जबकि अक्षय गिरी की भोजपुरी रचना “साँस में साँस जुड़ जाए..” बेहद प्रशंसनीय रही।
‘द न्यूज़ मंच’ के संस्थापक शिवकुमार कुशवाहा ने माँ को समर्पित काव्य “काटकर दुख के दिन को सँवारी मुझे..” और उनके सहयोगी राकेश चौहान ने “हमेशा देर कर देता हूँ..” सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा डॉ. शैलेंद्र असीम की रचना “गीतों के मोर पंख लाया हूँ” भी लाजवाब रही।
मुख्य अतिथि प्रद्युम्न कुमार सोनी ने सच्चाई की कसौटी पर आधारित कविता “पीला तो पीतल भी है, पर कुंदन तो नहीं…” सुनाकर श्रोताओं को प्रभावित किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एड. अब्दुल हमीद ‘आरजू’ ने मासिक काव्य गोष्ठी को अनवरत संचालित करते रहने तथा साहित्य के दीप को निरंतर प्रज्ज्वलित रखने पर जोर दिया। उन्होंने हाटा नगर के समस्त कवि एवं साहित्यकारों का काव्य गोष्ठी में उपस्थित होने और अपना अमूल्य समय देने के लिए आभार जताया।
गोष्ठी के समापन अवसर पर अध्यक्षता कर रहे एड. अब्दुल हमीद ‘आरजू’ ने ‘असीम सृजन लोक’ की नवगठित कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सभी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवगठित कार्यकारिणी में एड. अनिरुद्ध मिश्र, प्रो. जयप्रकाश नारायण द्विवेदी, विजय कुमार पाण्डेय, चंदेश्वर ‘परवाना’, राजेश तिवारी (जीजा जी), राजीव कुमार पाण्डेय, संजय कुमार पाण्डेय संरक्षक मंडल में शामिल हुए.
पदाधिकारी गणों में नियामक एड. अब्दुल हमीद ‘आरज़ू’, अधिष्ठाता डॉ. शैलेंद्र पाण्डेय ‘असीम’, अधिष्ठात्री श्रीमती प्रिया पाण्डेय, संयोजक एड. (डॉ.) कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, सह संयोजक डॉ. सच्चिदानन्द पाण्डेय, कार्यदर्शी डॉ. परमानंद मिश्र ‘परम’, कोषाधिकारी प्रद्युम्न कुमार सोनी, परामर्शदाता मंडल अशोक कुमार पाण्डेय, अभिनीत कुमार राय, संजय पाण्डेय, डॉ. संपूर्णानन्द द्विवेदी, दिनेश भारद्वाज, अवधेश पाण्डेय नियुक्त हुए।
संचार प्रभारी डी.के. पाण्डेय, शिव कुमार कुशवाहा बने। इसके अलावा पंकज मणि त्रिपाठी, राकेश मिश्र, भावना द्विवेदी, राघवेंद्र मिश्र ‘अमूल’, प्रगति गुप्ता, अश्विनी चौबे, श्रीमती श्वेता पाण्डेय चौबे, अभिषेक पाण्डेय, अभिजीत पाण्डेय, अभिनव पाण्डेय, अजय पाठक, श्रेया पाण्डेय पाठक, नव्या पाण्डेय, नीलांश पाण्डेय, मान्या पाण्डेय, तन्वी पाण्डेय सदय बने।


