Latest News

सनबीम स्कूल दिलदारनगर में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य और भावुक फेयरवेल का हुआ आयोजन

 

सेवराई ।(गाजीपुर) सनबीम स्कूल दिलदारनगर में मंगलवार को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य और भावुक फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए गौरव, पुरानी यादों और विदाई की मधुर भावनाओं से भरा रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन श्री के. पी. सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कक्षा 12 के विद्यार्थियों का शिक्षकों द्वारा तिलक लगाकर और पुष्प देकर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, अपनापन और भावुक विदाई का माहौल छाया रहा।

प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार साव सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधन में विद्यालय में बिताए सुनहरे पलों को याद किया और छात्रों को अनुशासन, परिश्रम तथा नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। छात्रों ने भी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय से मिला मार्गदर्शन जीवन भर उनके साथ रहेगा।

कक्षा 11 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग नृत्य और संगीत कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए। दर्शकों ने तालियों से इन प्रस्तुतियों का भरपूर स्वागत किया।

विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित किया गया। मिस फेयरवेल का खिताब शिखा सिंह को तथा मिस्टर फेयरवेल का खिताब प्रवीण कुमार को प्रदान किया गया। मोस्ट डेडिकेटेड स्टूडेंट अवॉर्ड आर्यन सिंह को सनबीम गाजीपुर की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना कुमारी एवं सनबीम दिलदारनगर के प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार साव द्वारा दिया गया। सनबीम आइडल अवॉर्ड भी मास्टर आर्यन सिंह को तथा सनबीम दिलदारनगर गुडवील एंबेसेडर अवॉर्ड मिस नाजोरीन को निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह एवं श्री प्रवीन कुमार सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार साव ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विद्यालय से प्राप्त ज्ञान की रोशनी से छात्र समाज और देश को आलोकित करें। उन्होंने निराशा न छोड़ने, निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।

निदेशक श्री नवीन कुमार सिंह ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सनबीम परिवार अपने विद्यार्थियों की सफलताओं पर गर्व करता है। उन्होंने उच्च आदर्शों को अपनाने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर चेयरमैन श्री के. पी. सिंह, डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती शोभा सिंह, डायरेक्टर श्री नवीन कुमार सिंह, श्री प्रवीन कुमार सिंह, प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार साव, डीन श्रीमती तहसीन आबिदी, सनबीम गाजीपुर की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना कुमारी, समस्त कोऑर्डिनेटर, शिक्षक गण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Don't try, this is illigal.