Latest News

सेवराई में ब्लॉक स्तरीय सतर्कता समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर सख्ती, कोई पात्र परिवार नहीं रहेगा वंचित

सेवराई। (गाजीपुर)  तहसील मुख्यालय पर सोमवार को उपजिलाधिकारी संजय यादव की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
उपजिलाधिकारी संजय यादव ने समिति के सभी सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य सुरक्षा संबंधी बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएं और सभी सदस्य इनमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि खाद्यान्न वितरण की निगरानी अपने-अपने स्तर पर की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे।
श्री यादव ने शासन की मंशा को रेखांकित करते हुए कहा,
“कोई भी गरीब एवं पात्र परिवार राशन से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त कर नए पात्र परिवारों का चयन कर उनके राशन कार्ड शीघ्र जारी किए जाएं।”
बैठक में सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था की निरंतर निगरानी एवं समीक्षा करने का आह्वान किया गया। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा जरूरतमंदों तक समय पर उचित गुणवत्ता वाला खाद्यान्न पहुंच सकेगा।
इस अवसर पर तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी केके सिंह, खाद्य पूर्ति निरीक्षक मो मोहिद खां सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सतर्कता समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
यह बैठक जन कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी समीक्षाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न से वंचित न रहे।

Don't try, this is illigal.