मड़ई में अचानक लगी भीषण आग, बंधे तीन पशुओं की जलकर मौके पर ही मौत

सेवराई। तहसील क्षेत्र के रेवतीपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम सभा नौली के गजरही गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी रामाशंकर राजभर पुत्र अनिरुद्ध राजभर की मड़ई में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे उसमें बंधे तीन पशुओं की जलकर मौके पर ही
मृत्यु हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी मड़ई आग की चपेट में आ गई और कुछ ही समय में जलकर पूरी तरह राख हो गई।
आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका। मड़ई में बंधे पशु आग से बाहर नहीं निकल पाए और झुलसकर दम तोड़ दिया। इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार आग अचानक लगी, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और प्रशासन को जानकारी दी गई।
इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल सुनील यादव ने बताया कि आगजनी की इस घटना में कुल तीन पशुओं की मृत्यु हुई है। मृत पशुओं को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
घटना के बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नौली जमशेद राईनी, गुलाब राजभर, पूर्व प्रधान लालबहादुर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


