नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा के पूर्व विधायक ने विपक्ष का फूंका पुतला

सेवराई। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में रविवार को तहसील मुख्यालय के भदौरा बस स्टैंड तिराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विपक्ष का पुतला फूंका। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा की पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं का आरोप था कि विपक्षी दल महिलाओं के अधिकार और सम्मान की बात तो करते हैं, लेकिन जब महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने का समय आता है तो विरोध करने लगते हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति में बराबरी का अधिकार देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर भाजपा सरकार ने आधी आबादी को सम्मान देने का कार्य किया है।
विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद विपक्षी दल महिलाओं को उनका हक नहीं दे सके। अब जब भाजपा सरकार ने यह ऐतिहासिक फैसला लिया है तो विपक्ष भ्रम फैलाने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और आने वाले समय में विपक्ष को इसका जवाब देंगी।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहाकि यह अधिनियम महिलाओं के लिए राजनीतिक क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्ष का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष अमित सिंह सिकरवार, अंशु सिंह, धर्मेंद्र कुशवाहा, सत्यजीत सिंह, बबुआ सिंह, रमेश मौर्या, देवेंद्र सिंह, सौरभ उपाध्याय ,अमित पांडेय 
के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।