तिहरे हत्याकांड का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार,पुलिस ने भेजा जेल

सेवराई। (गाजीपुर): गहमर थाना क्षेत्र के गहमर गांव में 24 दिसंबर की रात हुए तिहरे हत्याकांड का एक मुख्य आरोपी अंजनी सिंह को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिहरे हत्याकांड का आरोपी गहमर के पकवा इनार ट्यूबवेल के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गहमर गांव के खेलूराय पट्टी निवासी अंजनी सिंह पुत्र स्वर्गीय ललिता सिंह के रूप में हुई है।
बताते चलें कि 24 दिसंबर की रात गहमर गांव के खेलूराय पट्टी में हुए इस बर्बर हत्याकांड में तीन युवकों की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान बाबूराय पट्टी निवासी सौरभ सिंह, खेमन राय पट्टी निवासी विक्की सिंह और घोपाल राय पट्टी निवासी अंकित सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में एक दर्जन से अधिक हमलावर शामिल थे।
मामले में मृतक विक्की सिंह के भाई विकास सिंह ने 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ गहमर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
गहमर थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया, “मुखबिर की सूचना पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंजनी सिंह को पकवा इनार ट्यूबवेल से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।”
यह हत्याकांड पूरे इलाके में सनसनी फैला गया था। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।