हाई टेंशन विद्युत तार की चिंगारी से फसल अवशेष नष्ट



अजित कुमार सिंह
नगसर। स्थानीय क्षेत्र के अवती–विशुनपुरा के बीच सीवान में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते गेहूं की कटाई के बाद भूसा बनाने वाली गेंहू की डंठल को आग की लपटों में घेर लिया। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दर्जनों बीघे क्षेत्र में पशुओं का चारा जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में डबल तिवारी, बबुआ तिवारी, संतोष कुशवाहा और बाउल कुशवाहा सहित कई किसानों की मेहनत की पूरी तरह स्वाहा हो गई, जिससे उन्हें पशुओं के चारा के साथ ही भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी पशुओ का चारा नुकसान हो चुका था।
आग बुझाने में गांव के लोगों ने भी काफी मशक्कत उठाई। अरविंद तिवारी ने अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर फायर ब्रेक तैयार किया, जिससे आग के फैलाव को काफी हद तक रोका जा सका। ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास ने स्थिति को और गंभीर होने से बचा लिया।
घटना के बाद प्रभावित किसानों में मायूसी का माहौल है। वे प्रशासन से सहयोग की मांग कर रहे हैं, ताकि उनकी क्षति की भरपाई हो सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत और नियमित निगरानी की मांग उठाई है, जिससे भविष्य में बिजली विभाग के लापरवाही से इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।