30 अप्रैल तक हर किसान की बने फार्मर आईडी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम


सेवराई। गाजीपुर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि किसानों की फार्मर आईडी बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप 30 अप्रैल तक प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी तैयार कर ली जानी है। इसके लिए सभी तहसीलों एवं विकास खंडों का दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर जिला स्तरीय तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खरीफ सीजन जल्द शुरू होने वाला है और शासन द्वारा खाद खरीदने के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में सभी किसान प्राथमिकता के आधार पर अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवा लें। इसके लिए जिला प्रशासन की पूरी मशीनरी गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क कर रही है।
इसी क्रम में भदौरा के खंड विकास अधिकारी के के सिंह ने विकास खंड के विभिन्न गांवों में आयोजित कैंपों का निरीक्षण कर फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की तथा कर्मचारियों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।