गोरखपुर हादसा: टोल बचाने के लिए मौत बन चुके हैं लोडेड ट्रक, नहीं चेता प्रशासन
Gorakhpur accident: Loaded trucks have become death to save toll, administration is not alert
गोरखपुर: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर-पिपरौली मोड़ पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। मृतक छात्रा की पहचान बेलवाडाडी निवासी मंगेश कुमार की 14 वर्षीय बेटी मुस्कान के रूप में हुई है, जो सरस्वती देवी इंटर कॉलेज, पिपरौली में कक्षा 9 की छात्रा थी।
तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी मासूम की जिंदगी
जानकारी के अनुसार, मुस्कान रोज की तरह सुबह अपनी साइकिल से स्कूल जा रही थी। जैसे ही वह जैतपुर-पिपरौली मोड़ के पास पहुंची, पीछे से आ रहे बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक ने भागने की कोशिश की, ग्रामीणों ने पकड़कर सौंपा पुलिस को
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तत्काल गीडा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
Read more: गोरखपुर: मुक्तिपथ पहुंचे डीएम दीपक मीणा ने किया पौधारोपण, शवदाह स्थल की व्यवस्थाओं की सराहना
घर में छाया मातम, रक्षाबंधन की खुशियां पल भर में बदलीं ग़म में
मुस्कान अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। परिवार में दो भाई और एक बहन के बीच वह अपने माता-पिता की लाडली थी। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के लोग भी गमगीन हैं, हर आंख नम है।
जानलेवा बन चुका है यह मार्ग, प्रशासन बेपरवाह
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैतपुर-पिपरौली मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में ओवरलोडेड ट्रक, ट्रेलर और लोडर गाड़ियां तेज रफ्तार में दौड़ती हैं। ये वाहन अक्सर टोल टैक्स बचाने के लिए इस ग्रामीण मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी कई लोगों की जान इसी मार्ग पर जा चुकी है।
कई बार की गई शिकायतें, फिर भी प्रशासन चुप
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, समाचार पत्रों में भी रिपोर्ट प्रकाशित हुईं, लेकिन न तो ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी गई, न ही भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक लगाई गई। प्रशासन की लापरवाही का नतीजा आज एक और मासूम की मौत के रूप में सामने आया है।


