Gorakhpur NewsLatest Newsराजनीति

छात्र हितों से खिलवाड़ के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन, अवैध कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की मांग

गोरखपुर (रिपोर्ट-सागर कसेरा): जिले में धड़ल्ले से संचालित हो रहे अवैध कोचिंग संस्थानों और शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गोरखपुर महानगर इकाई ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा अधिकारी का जोरदार घेराव किया।

इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कठोर और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अभाविप का आरोप है कि गोरखपुर महानगर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर संचालित कोचिंग संस्थान शिक्षा को लूट का माध्यम बना चुके हैं। शहर के हरिओम नगर तिराहा, गांधी गली सहित कई क्षेत्रों में संचालित कोचिंग व लाइब्रेरी शैक्षणिक, सुरक्षा और प्रशासनिक मानकों का खुलेआम उल्लंघन कर रही हैं।

इन संस्थानों में नीट, जेईई, एसएससी जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है, लेकिन भारी फीस वसूलने के बावजूद न तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है और न ही आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

छात्रसंघ चौराहे पर संचालित एक कोचिंग संस्थान पर आरोप लगाते हुए अभाविप ने कहा कि वह स्वयं को पूर्वांचल का सर्वश्रेष्ठ संस्थान बताकर छात्रों से ड्रेस, कॉपी, बैग, रजिस्ट्रेशन, टेस्ट सीरीज़ समेत अन्य मदों में जबरन वसूली कर रहा है।

वहीं जिला मुख्यालय के समीप इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र में कई लाइब्रेरी ऐसे लोगों द्वारा संचालित की जा रही हैं, जो स्वयं विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं।

जंगल सीकरी क्षेत्र की कॉलोनियों में घरों के भीतर चल रहे कोचिंग संस्थानों को भी अभाविप ने गंभीर चिंता का विषय बताया।

अभाविप गोरखपुर महानगर मंत्री अभिषेक मौर्या ने कहा कि परिषद जिले में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

उन्होंने प्रशासन से सभी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य करने, फीस व रिफंड नीति को पारदर्शी बनाने, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति, भवन व अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन और भ्रामक विज्ञापनों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर अभाविप व्यापक आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सम्पदा द्विवेदी, प्रांत सह मंत्री निखिल गुप्ता सहित शुभम गोविंद राव, दीपांशु त्रिपाठी, हर्षित मालवीय, निखिल राय, प्रशांत त्रिपाठी, आलोक, आर्यन, आयुष्मान और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Chandan Sharma

चन्दन शर्मा पत्रकार (Chandan Sharma Journalist) पिछले 10 सालों से मीडिया में एक्टिव हैं। उन्होंने खबर हलचल न्यूज के साथ काम करना शुरू किया और बाद में "द सर्जिकल न्यूज" नामक अपना खुद का समाचार पोर्टल और यूट्यूब चैनल शुरू किया। द सर्जिकल न्यूज का 5 साल तक सफलतापूर्वक संचालन किया। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर के दौरान शुरू हुए "जन स्वराज हिंदी" के संस्थापक सदस्य हैं। पत्रकारिता में परास्नातक चंदन शर्मा को डिजिटल न्यूज़, टेक्नॉलॉजी, ग्रामीण रिपोर्टिंग, रिसर्च पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक समाचार और वायरल न्यूज में दिलचस्पी है।

Don't try, this is illigal.