देवकली शिव मंदिर में विशाल भंडारा, नौ कन्याओं का पूजन कर हुई शुरुआत



सेवराई। तहसील क्षेत्र के देवकली स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में बुधवार को विशाल भंडारा एवं कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नौ कन्याओं का विधिवत पूजन कर की गई। मुख्य अतिथि जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र राहुल राज सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह यादव ने बताया कि श्रावण मास के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में महायज्ञ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में सेवराई तहसील मुख्यालय सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की। गौरतलब है कि शिव मंदिर समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष सावन माह में महायज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।
इस मौके पर ग्राम प्रधान रामप्रवेश मौर्य, कृष्णानंद सिंह, सतीश गुप्ता, रजनीश यादव, कमलेश प्रधान, शिवजी यादव, माणिक लाल गुप्ता, जगेश्वर कुशवाहा, श्याम बिहारी राय, चंद्रशेखर राय, गजानंद गिरी, अरुण गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।