SpaDeX Mission : स्पैडेक्स मिशन को सफल कर भारत अंतरिक्ष में उपग्रह जोड़ने वाला चौथा देश बना

News Desk (अनुराग मिश्र): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने स्पैडेक्स मिशन (SpaDeX Mission) के तहत वृहस्पतिवार को दो उपग्रहों की डॉकिंग प्रक्रिया सफलता पूर्वक पूरी कर ली। इसरो के अनुसार डॉकिंग के बाद दोनों उपग्रहों का एकल यान के रूप में नियंत्रण सफल रहा।
डॉकिंग क्या है?
डॉकिंग वह प्रक्रिया है जिसकी मदद से दो अंतरिक्ष ऑब्जेक्ट एक साथ आकर जुड़ते हैं।
भारत के अलावा अब तक इस प्रक्रिया को केवल अमेरिका, रूस और चीन ने किया है। भारत अंतरिक्ष में उपग्रह जोड़ने वाला चौथा देश बन गया है।
इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत ने अंतरिक्ष के इतिहास में अपना नाम ‘डॉक’ कर लिया है। गुड मॉर्निंग इंडिया इसरो के स्पैडेक्स मिशन ने ऐतिहासिक डॉकिंग सफलता प्राप्त की है। इस पल का गवाह बनकर गर्व महसूस हो रहा।
इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने भी मिशन को सफल बनाने वाली टीम को बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई हस्तियों ने वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दी।


