कुशीनगर न्यूज़: प्रो. हरेराम त्रिपाठी तेजपुर विश्वविद्यालय में प्रबंध समिति के लिए हुए नामित
President nominates Chakia to the apex council of Tezpur Central University
कुशीनगर न्यूज़ : चकिया के शंकरपट्टखौली गांव के गौरव, भारतीय दर्शन के प्रख्यात विद्वान एवं वर्तमान में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक (नागपुर, महाराष्ट्र) के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी को भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा तेजपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय, असम की सर्वोच्च परिषद (प्रबंध समिति) में नामित किया गया है। यह गौरवपूर्ण नियुक्ति भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा की गई है।
इस संबंध में तेजपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने प्रो. त्रिपाठी को आधिकारिक रूप से सूचित किया है। अपनी इस ऐतिहासिक नियुक्ति पर प्रो. त्रिपाठी ने राष्ट्रपति महोदया, शिक्षा मंत्री और भारत सरकार के प्रति गहन आभार व्यक्त किया है।
भारतीय दर्शन और संस्कृत साहित्य के अग्रणी विद्वान
प्रो. हरेराम त्रिपाठी न्यायशास्त्र, दर्शनशास्त्र, सांख्य-योग और संस्कृत साहित्य के क्षेत्र में एक अत्यंत प्रतिष्ठित नाम हैं। वे पूर्व में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति भी रह चुके हैं और भारत सरकार की अनेक शैक्षणिक परियोजनाओं में मूल्यवान योगदान दे चुके हैं।
उनके शैक्षणिक योगदान को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर सराहा गया है। उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा ‘वादरायण व्यास सम्मान’, उत्तर प्रदेश सरकार से ‘पाणिनि पुरस्कार’, ‘शंकर पुरस्कार’, ‘नामित पुरस्कार’ तथा महाराष्ट्र सरकार से कई अन्य सम्मान प्राप्त हुए हैं।
Read more:मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना 2025: पशुपालक ऐसे पाएं अनुदान
क्षेत्र में हर्ष की लहर, विशिष्टजनों ने दी बधाई
प्रो. त्रिपाठी की इस प्रतिष्ठित नियुक्ति पर फाजिलनगर क्षेत्र सहित पूरे कुशीनगर जनपद में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, पूर्व विधायक गंगा सिंह, डॉ. बालमुकुंद पांडेय (अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना), पूर्व कुलपति प्रो. रजनीश शुक्ल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिवाकर मणि त्रिपाठी, एसबीएमपीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. ज्योत्सना पांडेय, डा. मधुसूदन मणि त्रिपाठी (राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त), जोखन प्रसाद शास्त्री, प्रो. कृष्णचंद्र चौरसिया, प्रो. कृष्णमुरारी मणि त्रिपाठी, नथुनी उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार गुरुदत्त उपाध्याय, विकास पांडेय (चौरा खास व्यापार मंडल अध्यक्ष) समेत क्षेत्र के अनेक विशिष्टजनों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
गांव चकिया के अमरजीत शुक्ल ने कहा कि, “प्रो. त्रिपाठी ने गांव की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।”


