कुशीनगर: सावन महोत्सव पर काव्य गोष्ठी 27 जुलाई को कसया में, डॉ. अरूणेश नीरन को दी जाएगी श्रद्धांजलि
Kushinagar: Poetry symposium on Sawan Mahotsav on July 27 in Kasya, tribute will be paid to Dr. Arunesh Niran
पडरौना, कुशीनगर: निराला शब्द संवाद मंच एवं हिन्दी साहित्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन 27 जुलाई, रविवार को दोपहर 12 बजे अमित मेमोरियल इंटर कॉलेज, सपहा रोड, कसया में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य सावन माह के आध्यात्मिक महत्व एवं समसामयिक साहित्यिक विषयों पर चर्चा के साथ-साथ साहित्यिक अभिव्यक्ति को मंच देना है।
इस अवसर पर भोजपुरी साहित्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने वाले प्रख्यात विद्वान और साहित्यकार डॉ. अरूणेश नीरन के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर विशेष चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
Read more: कुशीनगर: नि:क्षय मित्र बनकर क्षयरोगियों को दें भावनात्मक संबल: डॉ. मार्कण्डेय
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजक डॉ. ओमप्रकाश द्विवेदी ‘ओम’ एवं संयोजिका डॉ. कालिन्दी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि काव्य गोष्ठी में जनपद के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मुख्य अतिथियों में डॉ. सुधाकर तिवारी, डॉ. रामनरेश दूबे, डॉ. गौरव तिवारी सहित अन्य विद्वान शामिल होंगे।
डॉ. द्विवेदी ने जिले के सभी साहित्यप्रेमियों, रचनाकारों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस साहित्यिक संगोष्ठी में समय से पहुंचकर अपनी सहभागिता प्रदान करें और भोजपुरी साहित्य की इस प्रेरणास्पद यात्रा के साक्षी बनें।


