कसया में मानव एकता दिवस पर 305 यूनिट रक्तदान, निरंकारी मिशन का सराहनीय आयोजन

कसया/कुशीनगर: निरंकारी सत्संग भवन, कसया पर गुरुवार को मानव एकता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर एवं मानव एकता समागम का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 305 यूनिट रक्तदान कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद कुशीनगर की अध्यक्ष श्रीमती किरन राकेश जायसवाल ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है, और यह एक ऐसा पुण्य कार्य है जिससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रणाम करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रणाम जोनल इंचार्ज कमलेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि मानव एकता दिवस, बाबा गुरु वचन सिंह जी की स्मृति में निरंकारी मिशन द्वारा पूरे भारत में श्रद्धा और आध्यात्मिकता के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर की 500 से अधिक ब्रांचों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिसमें करीब 50 हजार रक्तदाताओं ने भाग लिया।
समागम की अध्यक्षता कर रहे प्रभुनाथ तिवारी ने कहा कि युगदृष्टा बाबा गुरु वचन सिंह जी ने समाज को अंधविश्वासों और कुरीतियों से मुक्त कराने के कई अभियान चलाए। निरंकारी मिशन का यह आयोजन प्रेम, शांति और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक है।
शिविर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और सिटी ब्लड बैंक गोरखपुर की टीमों द्वारा रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम में निरंकारी संतों, सेवादल के कार्यकर्ताओं समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता निभाई।


