हनुमान जयंती पर सेवराई में भव्य झांकी, गूंजे जयकारे

सेवराई। स्थानीय गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में प्रतिमा स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंगलवार को हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य झांकी निकाली गई। झांकी को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला।
झांकी का शुभारंभ शिव मंदिर से हुआ, जो स्थानीय बाजार, मुख्य चौराहा, रेलवे फाटक होते हुए सेवराई गांव पहुंची। इसके बाद झांकी भदौरा बस स्टैंड, यूनियन बैंक चौराहा और तहसील मुख्यालय से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर समिति के सदस्य नरेंद्र कुमार सिंह, अरुण गांधी एवं अन्य श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके उपरांत हनुमान जी की प्रतिमा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर पूरे नगर में भ्रमण कराया गया।
झांकी के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण कर “जय हनुमान” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। वहीं युवाओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर झांकी की शोभा बढ़ाई।
पूरे कार्यक्रम में भारी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिससे आयोजन भव्य और ऐतिहासिक बन गया।