अनियंत्रित ट्रेलर ने महिला को कुचला, मौत, मुआवजा व ब्रेकर की मांग को लेकर 10 घंटे तक एनएच-124C जाम


सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा स्थित महावीर मंदिर के समीप रविवार की अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग-124C को जाम कर दिया और मुआवजा, सड़क पर ब्रेकर बनवाने तथा उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर लगभग दस घंटे तक प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब चार बजे गाजीपुर की तरफ से भदौरा की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर वाहन सड़क किनारे स्थित ईश्वरचंद राजभर के घर के सामने लगे टिन शेड को तोड़ते हुए आगे बढ़ गया। उसी दौरान पशुओं के लिए पानी लेकर जा रही इंदू देवी (25) पत्नी विकास राजभर को ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि इंदू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाया जाए।
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान लगभग दस घंटे तक एनएच-124C पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
करीब दोपहर दो बजे क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सिंह के मौके पर पहुंचने और प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई व मुआवजे के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संदर्भ में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ।वही ट्रेलर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मृतका के पति विकास राजभर के तहरीर पर मऊ निवासी दीपक पाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

