दिलदारनगर में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने कुचला 18 वर्षीय युवक, मौके पर मौत; चालक फरार


वायरलेस मोड़ पर दर्दनाक हादसा, परिवार में कोहराम; पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दिलदारनगर। (गाजीपुर) गाजीपुर जिले के दिलदारनगर-भदौरा मुख्य मार्ग पर वायरलेस मोड़ के निकट सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित और तेज रफ्तार बालू से लदा ट्रेलर बाइक सवार किशोर को रौंद गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान उसीया दक्षिण मोहल्ला निवासी मुदस्सिर अली अंसारी (18) पुत्र मजहर अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुदस्सिर अपने बड़े भाई सैफ अली अंसारी को दिलदारनगर गांव में शौकत अंसारी की 70 वर्षीय पत्नी के मिट्टी देने (दफनाने) के कार्यक्रम में छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान भदौरा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार बालू लदा ट्रेलर (नंबर BR03GC-24441) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रेलर के नीचे फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी बाइक (नंबर UP61AL-6478) भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर शव और क्षतिग्रस्त बाइक को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर भेज दिया गया है।
ट्रेलर चालक के फरार होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दिलदारनगर थाने के उप प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि मृतक के चाचा आमिर हुसैन अंसारी पुत्र अतौर रहमान अंसारी ने थाने में लिखित शिकायत दी है, जिसमें ट्रेलर की चपेट में आने से मौत होने की बात कही गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मां हुस्न वानो का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा की कमी पर गहरा आक्रोश जताया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को हादसे या फरार चालक के बारे में कोई जानकारी हो तो थाने में संपर्क करें।


