गहमर के पंचमुखी घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूबे युवक का शव 16 घंटे बाद मिला

 

सेवराई । (गाजीपुर) तहसील क्षेत्र के ग़हमर कोतवाली अंतर्गत गहमर के पंचमुखी घाट पर रविवार की देर शाम गंगा स्नान के दौरान डूब गए 23 वर्षीय युवक का शव लगभग 16 घंटे बाद सोमवार को स्थानीय गोताखोरों द्वारा बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
मृतक की पहचान गहमर के संभल राय पट्टी निवासी चंदन खरवार, पुत्र मोती खरवार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार शाम चंदन अपने दो अन्य दोस्तों के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हाहाकार मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। गोताखोर भी रात में पानी में नहीं उतर सके।
सोमवार सुबह से चौसा (बिहार) से बुलाए गए गोताखोरों ने गहन प्रयास किए। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल के आसपास से शव बरामद हुआ।
कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि युवक का शव सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए घाटों पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

Don't try, this is illigal.