सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार लोगों की मौत
देवरिया: 27 तारिख कि रात देवरिया के महुआडीह में सड़क दुर्घटना में एक ही बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। सड़क हादसे के शिकार तीन युवक कुशीनगर जिले के और एक युवक देवरिया जिले का रहने वाला था। यह हादसा एनएच-28 पर महुआडीह थाना क्षेत्र के हेतिमपुर के पास हुआ। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस ने बताया कि, मुड़ेरा उपाध्याय के नितेश सिंह (23), कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के निवासी पिंटू गौड़ (22), देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के नारायनपुर के अंकित गौड़ (24) और कसया थाना क्षेत्र के भैसहां के अतुल सिंह (24) आपस में घनिष्ठ मित्र थे।
सोमवार रात, ये चारों एक ही पल्सर बाइक पर सवार होकर कसया में अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने गए थे। वहां से रात करीब 12 बजे हाटा लौटते समय, एनएच-28 पर देवरिया के हेतिमपुर मोड़ के पास पुल के नजदीक इनकी तेज रफ्तार बाइक धुंध (कुहासा) की वजह से एक ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सीओ संजय कुमार रेड्डी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। महुआडीह थाने के इंस्पेक्टर अनिल कुमार और चौकी इंचार्ज गोपाल राजभर मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भिजवाया। उन्होंने बताया कि यह हादसा तेज रफ्तार और कोहरे के कारण हुआ। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


