मेंटेनेंस कार्य करते समय संविदा कर्मी हाई टेंशन तार की जद में आने से झुलसा,रेफर

 

 

सेवराई। गहमर थाना अन्तर्गत बकैनिया स्थित 220 केवी विद्युत सब स्टेशन पर सोमवार की सुबह मेंटेनेंस का कार्य करते समय एक संविदा कर्मी हाई टेंशन तार की जद में आ गया। जिसके कारण वह बुरी तरह से झुलस गया। आनन फानन में उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी राकेश कुमार (30) पुत्र स्व. रमेश कुशवाहा पिछले 5 वर्षों से 220 केवी विद्युत सब स्टेशन भदौरा (बकैनिया) पर संविदा कर्मी के रूप में मेंटेनेंस विभाग में हेल्पर के पद पर काम कर रहा था। रोज की भांति आज सोमवार को वह अपने सहयोगी साथियों के साथ काम कर रहा था कि भूलवश वह दूसरे खंभे पर चढ़ गया। जिसमें विद्युत आपूर्ति प्रवाहित हो रही थी। खंभे पर चढ़ते ही वह हाई टेंशन तार की जद में आ गया और बुरी तरह से झुलसते हुए नीचे आ गिरा। घटना होते ही सहयोगी साथियों में हड़कंप की स्थिति मच गई लोग उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के साथ उसे गाजीपुर एक निजी चिकित्सालय में ले गए। जहां उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। इस संबंध में जेई पिंटू कुमार ने बताया कि संविदा कर्मी राकेश कुमार कार्य के दौरान विद्युत स्पर्शघात का शिकार हो गया है उसका निजी चिकित्सालय में इलाज कराया जा रहा है।

Don't try, this is illigal.