Latest News

महिलाओं ने नायाब तहसीलदार पर लगाया गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग किया,उपजिलाधिकारी ने लिया संज्ञान

सेवराई। तहसील परिसर में दो महिलाओं ने नायब तहसीलदार पंकज कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। महिलाओं का दावा है कि नायब तहसीलदार ने उनसे एक लाख रुपये घूस लेने के बावजूद विपक्षी से दो लाख रुपये लेकर उनके खिलाफ फैसला सुनाया।

हंगामा बढ़ने पर नायब तहसीलदार ने पुलिस बल बुलाया। घटना की सूचना मिलने पर मीडिया भी मौके पर पहुंची। उपजिलाधिकारी संजय यादव ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़ित महिलाओं ने उन्हें प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, यह विवाद दिलदारनगर निवासी रविकांत पांडे और शशिकांत पांडे (पुत्रगण स्व. रामअवध पांडे) का उनके सौतेले भाई लक्ष्मीकांत पांडेय के साथ है। यह वाद संख्या 1445/2017, धारा 34 राजस्व संहिता के तहत चल रहा है। आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद विपक्षी ने बीमारी की स्थिति का लाभ उठाकर एक वसीयत तैयार कराई थी, जिसे कानूनी रूप से साबित नहीं किया जा सका।

पीड़ितों ने बताया कि वे मजदूरी करके जीवन यापन करते हैं, इसलिए मुकदमे की पैरवी उनकी पत्नियां किरण और देवंती देवी करती हैं। महिलाओं का आरोप है कि नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने उन्हें अपने आवास पर बुलाया और एक लाख रुपये की मांग करते हुए कहा कि पैसे देने पर फैसला उनके पक्ष में होगा।

महिलाओं के अनुसार, उन्होंने ‘कैशपार फाइनेंस’ से 50-50 हजार रुपये का कर्ज लेकर कुल एक लाख रुपये नायब तहसीलदार के वाहन चालक दीपू के माध्यम से उनके सामने ही दिए। आरोप है कि नायब तहसीलदार पंकज ने तुरंत चालक से पैसे ले लिए। इसके बावजूद, वे फैसला टालते रहे और बाद में विपक्षी पक्ष से दो लाख रुपये लेकर उनके खिलाफ निर्णय सुना दिया।

गुरुवार को जब महिलाएं इस मामले में नायब तहसीलदार दिलदारनगर से मिलने पहुंचीं, तो आरोप है कि उन्होंने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जूते से मारने की धमकी दी और पुलिस बुलाकर कार्रवाई कराने की बात कही।

इस दौरान तहसील परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और घटना चर्चा का विषय बन गई।

नायब तहसीलदार पंकज कुमार

हालांकि, नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। वहीं, उपजिलाधिकारी संजय यादव ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Don't try, this is illigal.