दो बाइक की जोरदार टक्कर, पांच घायल, एक को किया जिला अस्पताल रेफर


सेवराई (गाजीपुर)। दिलदारनगर-देवल मार्ग पर गोड़सरा कैथी मोड़ के पास सोमवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एम्बुलेंस से भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से एक घायल की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कासिमाबाद से बिहार के अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे प्रदीप (25 वर्ष) पुत्र तूफानी तथा उनके साथ बाइक पर सवार शिव पुत्र शुभम जैसे ही गोड़सरा कैथी मोड़ के समीप पहुंचे, उसी समय विपरीत दिशा से अमौरा गांव के निवासी प्रिंस गुप्ता (18 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश, शिला देवी (45 वर्ष) पत्नी जय प्रकाश और जय प्रकाश (45 वर्ष) पुत्र श्याम बिहारी अपनी बाइक से कैथी पुलिया की ओर चढ़ रहे थे।
अंधा मोड़ व सड़क पर लगी झाड़ियों के कारण दिखाई नहीं देने से दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांचों बाइक सवार घायल हो गए। सड़क पर भीड़ लग गई, और स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल भदौरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को छोड़ दिया गया। वही एक घायल जयप्रकाश की हालत चिकित्सकों के नियंत्रण में नहीं होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया ।
इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अंगद ने बताया कि जयप्रकाश की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई ।
आये दिन हो रहे हादसे से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें कि कैथी पुलिया गोड़सरा मोड़ का संपर्क मार्ग मुख्य मार्ग से गड्ढे में है और सड़क पर झाड़ियां लगे रहने से एक दूसरे तरफ का वाहन दिखाई नहीं देता है । जिससे अक्सर उक्त मार्ग दुर्घटना होती रहती है । लोगों ने विभागीय अधिकारियों से गोड़सरा कैथी मार्ग को ऊंचा कराते हुए अंधे मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक बनाये जाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


