तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, बाइक में लगी आग; दो युवक गंभीर घायल
सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा बस स्टैंड के समीप मंगलवार की शाम एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सायर गांव निवासी राम अवध चौधरी (22) पुत्र राम प्रवेश चौधरी अपने रिश्तेदार पवन चौधरी (23) पुत्र अमरनाथ चौधरी निवासी रसड़ा, जनपद बलिया के साथ मां कामाख्या धाम में दर्शन-पूजन कर मोटरसाइकिल से गाजीपुर की ओर जा रहे थे। शाम के समय जैसे ही वे भदौरा बस स्टैंड स्थित सिनेमा हॉल के पास पहुंचे, गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मोटरसाइकिल में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी बाइक आग की चपेट में आ गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बालू और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गहमर कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



