अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर तहसील क्षेत्र में हुए योग शिविर, लोगों को बताया योग का महत्व
सेवराई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर योग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कंपोजिट विद्यालय सेवराई में आयोजित योग शिविर में एथलीट एवं योग प्रशिक्षक दिवाकर पासवान ने खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ एवं निरोग रहता है। योग न केवल विभिन्न बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर कर व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।
योग प्रशिक्षक ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम सहित कई योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नियमित योग करने का संकल्प लिया। योग शिविर के समापन पर उपस्थित लोगों को योग के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया गया।




