सोनहरियां वन में एक पेड़ मां के नाम’ चलाया गया विशेष अभियान विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे लगाए गए

अजित कुमार सिंह 

नगसर । सोनहरियां वन में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ विशेष अभियान चलाया गया। वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व पर्यटन मंत्री और वर्तमान विधायक ओमप्रकाश सिंह ने विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे रोपे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और सोनहरियां वन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
पौधरोपण अभियान के तहत वन परिसर में चंदन, रुद्राक्ष, पीपल, पाकड़, बरगद, सागौन, अर्जुन, बेल, चितवन और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विधायक ने इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के महत्व पर भी बल दिया।इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश सिंह ने सोनहरियां वन के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोग यहां की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक-पौराणिक विरासत का अनुभव कर सकें। विधायक ने वन को बेहतर स्वरूप देकर इसे क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कराने की दिशा में पहल करने की बात कही।विधायक ने सोनहरियां वन की धार्मिक और सांस्कृतिक समरसता को इसकी प्रमुख विशेषता बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि यहां एक ओर मजार और उसके ठीक बगल में बाबा सिद्धनाथ मंदिर स्थित है, जो प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस विरासत को संरक्षित करते हुए वन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।ओमप्रकाश सिंह ने पौधरोपण के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने से पर्यावरण को प्रदूषण से राहत मिलेगी और वातावरण स्वच्छ रहेगा। पेड़-पौधे मनुष्य को जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।इस कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी जयशंकर प्रसाद वर्मा, गंगा पुत्र तिदंडी स्वामी, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी रविकांत, अशोक यादव, अजित राय दारा, अरविंद यादव, सतेन्द्र सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।