Gorakhpur NewsLatest News

गोरखपुर में 18 मई को होगा यायावरी भोजपुरी महोत्सव 2026, पद्मश्री भरत सिंह भारती होंगे सम्मानित

गोरखपुर: भोजपुरी भाषा, संस्कृति, स्वाभिमान और संरक्षण को समर्पित ‘यायावरी भोजपुरी महोत्सव 2026’ का आयोजन आगामी 18 मई को शहर के एक निजी गेस्ट हाउस में किया जाएगा। इस महोत्सव में राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि प्रसिद्ध कवि प्रकाश उदय विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ लोकगायक एवं पद्मश्री सम्मानित भरत सिंह भारती को वर्ष 2026 के ‘यायावरी शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।

महोत्सव के दौरान भोजपुरी भाषा और संस्कृति से जुड़े विविध विषयों पर विचार-विमर्श, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। संध्याकालीन सत्र में अपनी गायिकी से देश-विदेश में पहचान बना चुकीं लोकगायिका चंदन तिवारी ‘राम भजन संध्या’ के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।

सात सत्रों में सजेगा महोत्सव

कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र सुबह 10:30 बजे से आरंभ होगा। दूसरे सत्र में ‘भोजपुरी कथा संसार में गांव’ विषय पर गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. विमलेश कुमार मिश्र, डॉ. फूलचंद प्रसाद गुप्त और आदित्य राजन अपने विचार साझा करेंगे।

तीसरे सत्र में डॉ. रंजन कुमार त्रिपाठी, विंग कमांडर अश्वनी दुबे और डॉ. श्रीश कुमार पाठक ‘भोजपुरिया एलीट आ माई भाषा से नेह-छोह’ विषय पर चर्चा करेंगे।

चौथे सत्र में ‘भोजपुरिया माटी के आधी दुनिया’ विषय के अंतर्गत भोजपुरी भाषा और संस्कृति में महिलाओं की भागीदारी पर डॉ. विनीता पाठक, अमिता तिवारी और दिव्या सिंह संवाद करेंगी।

पांचवें सत्र में ‘भोजपुरी के औपन्यासिकता आ रहस्य-रोमांच के संभावना’ विषय पर त्रिलोकनाथ पांडेय, डॉ. हर्ष कुमार सिन्हा और विमल चंद्र पांडेय मंथन करेंगे।

छठे सत्र में प्रख्यात गीतकार डॉ. सागर और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुन्ना कुमार पांडेय ‘मनोरंजन के दुनिया में पुरबी बयार’ विषय पर अपने विचार रखेंगे।

सातवें एवं समापन सत्र में चर्चित लोकगायिका चंदन तिवारी ‘राम भजन संध्या’ के माध्यम से भजनों की प्रस्तुति देंगी। इस संगीत सत्र का संचालन आमोद कुमार राय करेंगे।

महोत्सव के समन्वयक गौरव मणि त्रिपाठी ने भोजपुरी प्रेमियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

पद्मश्री भरत सिंह भारती होंगे सम्मानित

भोजपुरी लोकसंगीत के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ लोकगायक भरत सिंह भारती को वर्ष 2026 का ‘यायावरी शिखर सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। बिहार के भोजपुर जिले के निवासी भरत सिंह भारती पिछले 76 वर्षों से भोजपुरी लोकगीतों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Chandan Sharma

चन्दन शर्मा पत्रकार (Chandan Sharma Journalist) पिछले 10 सालों से मीडिया में एक्टिव हैं। उन्होंने खबर हलचल न्यूज के साथ काम करना शुरू किया और बाद में "द सर्जिकल न्यूज" नामक अपना खुद का समाचार पोर्टल और यूट्यूब चैनल शुरू किया। द सर्जिकल न्यूज का 5 साल तक सफलतापूर्वक संचालन किया। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर के दौरान शुरू हुए "जन स्वराज हिंदी" के संस्थापक सदस्य हैं। पत्रकारिता में परास्नातक चंदन शर्मा को डिजिटल न्यूज़, टेक्नॉलॉजी, ग्रामीण रिपोर्टिंग, रिसर्च पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक समाचार और वायरल न्यूज में दिलचस्पी है।

Don't try, this is illigal.