रायसेनपुर के सिवान में ट्यूबवेलों पर चोरों का आतंक, एक सप्ताह में तीन घटनाएं


सेवराई। तहसील क्षेत्र के गहमर कोतवाली अंतर्गत सायर रायसेनपुर के सिवान में इन दिनों चोरों का आतंक किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। विगत एक सप्ताह के भीतर तीन अलग-अलग ट्यूबवेलों का ताला तोड़कर चोरों ने अनाज समेत अन्य उपयोगी सामानों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय किसानों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
गहमर गांव निवासी पीड़ित किसान अशोक कुमार सिंह पुत्र गुप्तेश्वर सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रायसेनपुर के सिवान स्थित उनके पंपिंग सेट से आसपास के दर्जनों किसान सैकड़ों बीघा खेती की सिंचाई करते हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने पंपिंग सेट के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर रखा अनाज तथा अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित किसान ने बताया कि इससे पूर्व भी क्षेत्र के कई किसानों के पंपिंग सेटों का ताला तोड़कर चोर अनाज और अन्य कीमती सामान उठा ले गए थे। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के कारण किसानों में दहशत का माहौल है। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने के बावजूद पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं दिख रही है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रथम दृष्टया चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।