गोरखपुर: फंदे से लटकता मिला युवक, गांव में मचा हड़कंप – पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

गोला, गोरखपुर: गोला थाना क्षेत्र के ग्राम में सोमवार को एक युवक का शव फंदे से लटकता मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवम प्रजापति उर्फ विवेक (22) पुत्र रामसंगम के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।
युवक तीन माह से गांव में अकेला रह रहा था
जानकारी के अनुसार, शिवम गोरखपुर में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहा था, लेकिन पिछले तीन महीनों से गांव में अकेला रह रहा था। उसका छोटा भाई सत्यम और माता-पिता आरती एवं रामसंगम बेंगलुरु में रहते हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे मां ने बेंगलुरु से शिवम को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।
Read more:चोरों ने भीषण चोरी को दिया अंजाम,15 लाख नगदी सहित लाखों के जेवरात पर फेरा हाथ,दस दिनों में कई चोरी की घटनाएं,पुलिस के हाथ खाली
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
फोन न उठाने पर मां ने पड़ोस में रहने वाली कुमकुम (पुत्री सुरेश प्रजापति) को फोन कर स्थिति देखने को कहा। कुमकुम ने यह बात पड़ोसी सुधीर प्रजापति को बताई। सुधीर ने घर जाकर देखा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो ग्रामीणों की मदद से सीढ़ी लगाकर आंगन से घर में प्रवेश किया गया।
अंदर एक कमरे का दरवाजा खुला मिला, जहां टिन शेड में लगे एंगल से साड़ी के फंदे में शिवम का शव लटका हुआ था। यह दृश्य देख सभी के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
थाना प्रभारी अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक के चाचा ने मामले की तहरीर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चलेगा।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मृतक के माता-पिता और भाई बेंगलुरु से गांव के लिए रवाना हो गए हैं।


