Kushinagar News: खड्डा में कार पलटने से चार बुरी तरह जख्मी
इस हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सीएचसी तुर्कहां में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

News Desk (Kushinagar): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जब मदनपुर सुकरौली-खड्डा मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार नहर की पुलिया की रेलिंग से टकराकर पलट गई।
इस हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सीएचसी तुर्कहां में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब एक कार मदनपुर सुकरौली गांव की ओर से खड्डा की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। जैसे ही वाहन पुलिया के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे रेलिंग से टकराकर पलट गई।
यह भी पढ़ें: Kushinagar News: जानिए क्यों निलंबित हुए विशुनपुरा थाना प्रभारी राजू सिंह
इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के सबयां गांव निवासी राहुल चौहान (30 वर्ष), प्रिंस चौहान (11 वर्ष), रामबेलास गुप्ता (60 वर्ष) और उमेश (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तुर्कहां भेजा, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।


