Latest News

दो दिनों से लापता 55 वर्षीय व्यक्ति का नहर में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

मृतक हैदर का फ़ाइल फोटो


सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के भदौरा विकासखंड गेट के सामने रविवार की सुबह नहर में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान हैदर नाई (55) पुत्र अजीज नाई, निवासी सेवराई के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार हैदर नाई पिछले दो दिनों से घर से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था। रविवार सुबह भदौरा विकासखंड गेट के सामने नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान हैदर नाई के रूप में की।
शव मिलने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, हैदर नाई की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस संबंध में गहमर प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि नहर से मिले शव की पहचान हैदर नाई के रूप में हुई है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Don't try, this is illigal.