Latest News

रक्षाबंधन की धूम, भाई-बहन के प्रेम का दिखा अनुपम नजारा

सेवराई। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शनिवार को सेवराई तहसील क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने पूजा की थाल सजाकर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाइयों पर राखी बांधकर सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार एवं मिठाई भेंट कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।

तहसील क्षेत्र के सेवराई, सतरामगंज बाजार, मनियां, देवकली, गोडसरा, भदौरा, मिश्रवलिया, देवल, लहना, बकसड़ा, गहमर, करहियां, बकैनियां समेत दर्जनों गांवों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बहनें सज-धजकर भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंचती रहीं। कई बहनें दूर-दराज क्षेत्रों से अपने मायके पहुंचीं, जबकि कुछ भाइयों ने अपनी बहनों के घर जाकर राखी बंधवाई।

रक्षाबंधन के अवसर पर घर-घर में पूजा-अर्चना के बाद मिठाई खिलाने का सिलसिला चलता रहा। भाइयों ने बहनों को उनकी पसंद के अनुसार उपहार देकर पर्व की खुशियां बढ़ाईं। दूर रहने वाली बहनों द्वारा डाकघर और कोरियर के माध्यम से भेजी गई राखियां भी कई भाइयों तक पहुंचीं। इससे दूर रहकर भी भाई-बहन के रिश्ते में पर्व की आत्मीयता बनी रही।

मिठाई और राखी की दुकानों पर रही भीड़

रक्षाबंधन को लेकर सतरामगंज बाजार समेत क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में भी विशेष रौनक रही। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं राखी, गिफ्ट आइटम और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। लोगों ने अपनी बहनों और भाइयों के लिए राखी, मिठाई तथा उपहारों की खरीदारी की।

पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्र में पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। रक्षाबंधन के दौरान भाई-बहन के स्नेह और भावनाओं ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग दिया।

Don't try, this is illigal.