कुशीनगर: टीबी रोगियों को मिला पोषण पोटली का संबल, सीएमओ बोले – प्रोटीनयुक्त आहार से तेजी से स्वास्थ्य लाभ
Kushinagar: TB patients got the support of Poshan Potli, CMO said – protein rich diet helps in faster health benefits
कप्तानगंज, कुशीनगर: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज में आयोजित कार्यक्रम में 30 क्षय रोगियों को प्रोटीनयुक्त पोषण पोटली वितरित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी रोगियों के उपचार को गति देना और पोषण के महत्व को रेखांकित करना रहा। इस पुनीत कार्य में खट्टर एडीबल्स प्राइवेट लिमिटेड कप्तानगंज की भूमिका सराहनीय रही, जिसने 25 टीबी रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की।
टीबी मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहा प्रोटीनयुक्त आहार – सीएमओ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी. एन. राव ने कहा कि “टीबी के मरीज जब दवा के साथ प्रोटीन से भरपूर आहार लेते हैं, तो उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इससे वे जल्दी स्वस्थ हो पाते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री की टीबी उन्मूलन योजना को देश की प्राथमिकताओं में से एक बताया और कहा कि भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने के लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
निक्षय मित्रों के सहयोग से जनपद होगा टीबी मुक्त – डीटीओ
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. एस. एन. त्रिपाठी ने कहा कि “निक्षय मित्रों के सहयोग से जनपद को टीबी मुक्त बनाना संभव हो रहा है।” उन्होंने बताया कि टीबी रोगियों को लगातार पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें स्वस्थ जीवन की दिशा में मदद मिल रही है।
उन्होंने इस कार्य के लिए खट्टर एडीबल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक उमेश कुमार और उनकी टीम को धन्यवाद दिया।
दवाएं बीच में छोड़ना हो सकता है खतरनाक – प्रभारी चिकित्साधिकारी
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सूर्यभान कुशवाहा ने टीबी रोगियों से अपील की कि वे दवाओं का पूरा कोर्स अवश्य पूरा करें। दवा बीच में छोड़ना उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि टीबी मरीजों के संपर्क में आने वाले अन्य व्यक्तियों की भी जांच कराना अनिवार्य है।
Read more: कुशीनगर: सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के जन्मदिन पर तमकुहीराज सीएचसी में मरीजों को बांटे गए फल
पोषण पोटली वितरण में चिकित्सकों की भागीदारी
कार्यक्रम में डॉ. एस. बी. कुशवाहा, डॉ. परवेज आलम, डॉ. रेनू मिश्रा, डॉ. फैसल अब्बास एवं डॉ. गोपाल मद्धेशिया ने मरीजों को स्वयं पोषण पोटली प्रदान की।
कार्यक्रम संचालन और सहयोग
कार्यक्रम का संचालन निक्षय मित्र नोडल अधिकारी आशुतोष कुमार मिश्र ने किया।
एसटीएस नवीन चन्द्र मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि एसटीएलएस खुर्शीद आलम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
खट्टर एडीबल्स की टीम रही मौजूद
इस अवसर पर कंपनी के एचआर विवेकानंद दुबे, नीरज गुप्ता, दुर्गेश दीक्षित, आत्मा सिंह, दीपक चौहान और प्रफुल्ल मिश्र सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


