हाटा में शिक्षा सम्मेलन: संस्कार और प्रतिभा सम्मान 2025

हाटा, कुशीनगर: श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्राथमिक अनुभाग में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान व अभिभावक सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार होना आवश्यक है, तभी पूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश की असली ताकत होता है।
विधायक ने यह भी बताया कि सरकार देश को शत-प्रतिशत शिक्षित बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध करा रही है, लेकिन अभिभावकों में शिक्षा के प्रति जागरूकता का अभाव इस प्रयास में रुकावट पैदा कर रहा है।
Read Also: कुशीनगर: लिटिल फ्लावर स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्रों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक, गोरखपुर मंडल (संस्कृत पाठशालाएं) ने शिक्षा अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि 14 वर्ष तक की शिक्षा अब अनिवार्य है और सरकार इसके प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चला रही है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी. प्रसाद ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य भी शिक्षा के लिए जरूरी है। छोटी बीमारियों को नजरअंदाज करने से यह गंभीर रूप ले सकती हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के मंत्री गंगेश्वर पांडेय व प्रबंधक अग्निवेश मणि ने कहा कि यह प्राथमिक अनुभाग ग्रामीण और गरीब बच्चों के लिए एक सुनहरा अवसर बन गया है। गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। छात्रों ने देशभक्ति गीत, स्वागत गीत, नाटक, डांस व दहेज प्रथा पर संदेशात्मक प्रस्तुतियां दीं। छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संजय पांडेय ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने किया।
इस मौके पर नंद किशोर नाथानी, राम चन्द्र पांडेय, विश्वास मणि, दिलीप जायसवाल, सहित अन्य गणमान्य लोग व सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।


