कुशीनगर: जनकल्याण हेतु हाटा के श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय में हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक
Kushinagar: Mass Rudrabhishek held at Srinath Sanskrit College in Hata for public welfare
हाटा, कुशीनगर: श्रावण मास के पावन अवसर पर नगर के श्रीनाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्रबंध समिति द्वारा जनकल्याण हेतु सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन रविवार को महाविद्यालय के सभागार में धूमधाम से किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में कुल 21 यजमानों ने वैदिक विधि-विधान से देवाधिदेव भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रबंधक अग्निवेश मणि ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव को समर्पित है, जिसमें रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव अति प्रसन्न होते हैं। इस पुण्य अवसर पर संस्था की ओर से सामूहिक रुद्राभिषेक का निर्णय लिया गया। संस्था के मंत्री महामहोपाध्याय पं. गंगेश्वर पाण्डेय ने बताया कि समस्त आयोजन की व्यवस्थाएं महाविद्यालय प्रबंध समिति द्वारा की गई थीं।
भगवान शिव का रुद्राभिषेक गाय के दूध से किया गया, जिसमें यजमानों ने जोड़े में भाग लेकर विश्व कल्याण, सुख-शांति व समृद्धि की प्रार्थना की। इस रुद्राभिषेक अनुष्ठान को 21 वेद-पाठी विद्वानों ने मंत्रोच्चार और वैदिक विधि से संपन्न कराया। प्रमुख विद्वानों में डॉ. सुमंत पांडेय, विजय मणि त्रिपाठी, डॉ. अमन पांडेय, डॉ. राम ऋषि द्विवेदी, अवध किशोर मणि त्रिपाठी, पं. अमन तिवारी और पं. राम प्रवेश उपाध्याय शामिल रहे।
Read more: कुशीनगर: सेवरही विद्युत उपकेंद्र पर 10 MVA ट्रांसफॉर्मर का लोकार्पण, क्षेत्र की जनता को समर्पित
रुद्राभिषेक में भाग लेने वाले प्रमुख यजमान:
विश्वास मणि, संजय पाण्डेय, जगजीवन मिश्रा, गुड्डू दूबे, जय प्रकाश नारायण पाण्डेय, अविनाश मिश्रा अंशू, संजय दूबे, वीरेन्द्र तिवारी, मनोज गिरी, राजू वर्नवाल, मनोज तिवारी सहित कुल 21 श्रद्धालु शामिल रहे।
इस आयोजन ने नगर में धार्मिक आस्था व शिवभक्ति का माहौल उत्पन्न किया। श्रद्धालुओं ने इसे शिव कृपा प्राप्त करने का अनूठा अवसर बताया।


