Kushinagar News: डीएम की अध्यक्षता में विकास कार्यक्रमों की हुई समीक्षा बैठक

Kushinagar News: A review meeting of development programs was held on CM dashboard under the chairmanship of DM

Kushinagar News: जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित मानकों पर तत्काल सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।

कम ग्रेडिंग वाले विभागों को सुधार के निर्देश

समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर दर्शाई गई ग्रेडिंग और स्कोरिंग के अनुसार कई विभागों की प्रगति असंतोषजनक है। विद्युत विभाग, ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग जैसे रैंकिंग प्रभावित करने वाले विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे कार्यों में तेजी लाएं और प्रदर्शन सुधारें।

‘फैमिली आईडी’ प्रोजेक्ट में शून्य प्रगति पर नाराजगी

डीएम ने खड्डा और कप्तानगंज ब्लॉक में पिछले 10 दिनों में एक भी फैमिली आईडी न बनने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी व बीएसए को इस कार्य में सहयोग देने को कहा।

पीएम सूर्य घर योजना और जल जीवन मिशन में भी ढिलाई पर फटकार

बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति बेहद धीमी पाए जाने पर अधिकारियों से जवाब-तलबी की गई। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में पेयजल योजनाओं में कार्यों की सुस्ती पर अधिशासी अभियंता, जल निगम को फटकार लगाई गई और शीघ्र सुधार लाने का निर्देश दिया गया।

अन्य विभागों की योजनाओं पर भी हुई सघन समीक्षा

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यटन विकास, नई सड़क निर्माण, ऋण वितरण और वसूली, स्वास्थ्य परियोजनाएं, ई-ऑफिस प्रणाली, जीरो पावर्टी अभियान सहित लाभार्थीपरक योजनाओं की भी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
इन योजनाओं में निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, सामूहिक विवाह योजना आदि शामिल रहीं।

Read More:https://janswarajhindi.in/wp-admin/post.php?post=6238&action=edit


सभी विभागों को समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश

डीएम तंवर ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य और समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। जन शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर डीएफओ, डीसी मनरेगा, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU

Pragati Gupta

प्रगति गुप्ता दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर कर चुकी हैं। इसके अलावा इन्हें साहित्य में रुचि है और कविताएँ लिखने का भी शौक है। वर्तमान में प्रगति जनस्वराज हिन्दी के संपादक के तौर पर काम कर रहीं हैं।

Don't try, this is illigal.