कुशीनगर न्यूज़: कन्या जन्मोत्सव में नवजात बालिकाओं के साथ मनाया गया जन्मदिन
Kushinagar News: Birthday celebrated with newborn girls in Kanya Janmotsav
कुशीनगर: बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कुशीनगर जिले में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुबेरनाथ के सभागार में संपन्न हुआ, जहां 03 दिन पूर्व तक जन्मी 15 नवजात बालिकाओं का जन्मदिन केक काटकर उल्लासपूर्वक मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिका जन्म को सामाजिक स्वीकृति और उत्सव का प्रतीक बनाना था।
नवजात कन्याओं के अभिभावकों को मिला सम्मान और उपहार
जिला प्रोबेशन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में 15 नवजात कन्याओं की माताओं को मिष्ठान, अंगवस्त्र, बेबी किट, हल्दी पैकेट, गुड़िया और चॉकलेट जैसे उपहार भेंट किए गए। सम्मान प्राप्त करने वालों में श्रीमती वंदना चौहान, अनिता देवी, धर्मावती देवी, संजना देवी, प्रिया देवी, संगीता देवी, चिंता देवी, नितू देवी, अंकिता देवी, नेहा प्रजापति, ममता देवी, माला कुशवाहा, कुसुम देवी, रिंकू शर्मा एवं शिल्पा देवी आदि शामिल थीं।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसमें प्रमुख रूप से निम्न योजनाएं शामिल थीं:
-
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
-
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
-
स्पॉन्सरशिप योजना
-
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना
-
चाइल्ड हेल्पलाइन (1098)
-
वन स्टॉप सेंटर (181)
-
महिला हेल्पलाइन (1090)
-
आपातकालीन सेवाएं (112, 108, 102)
Read more:कुशीनगर न्यूज़: 72 लीटर अवैध देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
इन योजनाओं की जानकारी पंपलेट वितरण के माध्यम से भी दी गई। पात्र अभिभावकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का फार्म भरने हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई और मौके पर फार्म भरवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय फुलबदन कुशवाहा, सदस्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश, तथा अन्य प्रमुख अधिकारी जैसे अमित कुमार श्रीवास्तव (जिला प्रोबेशन अधिकारी), डॉ. धीरज सिंह (प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक), नलिन सिंह (डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर HEW), श्रीमती प्रीति सिंह एवं बंदना कुशवाहा (जेंडर स्पेशलिस्ट HEW) मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं के अभिभावकों, स्टाफ नर्सों, ANM एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता सराहनीय रही।


