गाजीपुर: आकाशीय बिजली से दंपति और आठ माह के बच्चे की मौत

गाजीपुर: जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। आकाशीय बिजली गिरने से बाइक सवार पति, पत्नी और उनके आठ माह के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

शादी और होली के लिए गांव आए थे रविशंकर कुशवाहा

कर्मा गांव निवासी रविशंकर कुशवाहा (32) दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। वह रिश्तेदारी में शादी समारोह और होली मनाने के लिए अपने गांव आए थे। 19 मार्च को वह अपनी पत्नी सरोज कुशवाहा (30) और बेटे अंकुश (8 माह) के साथ सरहुला गांव (नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र) स्थित ससुराल गए थे।

गुरुवार सुबह वह पत्नी और बेटे को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मुख्य मार्ग से अपने गांव के लिंक मार्ग पर मुड़े, अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी और वे इसकी चपेट में आ गए।

गांव में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बिजली गिरते ही पति-पत्नी और मासूम बच्चा सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद दूसरे अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में मृतकों के शव देखकर परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे।

पुलिस जांच में जुटी, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा और क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

Chandan Sharma

चन्दन शर्मा पत्रकार (Chandan Sharma Journalist) पिछले 10 सालों से मीडिया में एक्टिव हैं। उन्होंने खबर हलचल न्यूज के साथ काम करना शुरू किया और बाद में "द सर्जिकल न्यूज" नामक अपना खुद का समाचार पोर्टल और यूट्यूब चैनल शुरू किया। द सर्जिकल न्यूज का 5 साल तक सफलतापूर्वक संचालन किया। डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर के दौरान शुरू हुए "जन स्वराज हिंदी" के संस्थापक सदस्य हैं। पत्रकारिता में परास्नातक चंदन शर्मा को डिजिटल न्यूज़, टेक्नॉलॉजी, ग्रामीण रिपोर्टिंग, रिसर्च पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक समाचार और वायरल न्यूज में दिलचस्पी है।

Don't try, this is illigal.